भाजपा के शक्ति प्रदर्शन के जवाब में कांग्रेस की दमदार एंट्री, अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल

बिश्रामपुर/शिवनंदनपुर :– नगर पंचायत चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा के शक्ति प्रदर्शन के बाद अब कांग्रेस ने भी दमदार उपस्थिति दर्ज कराते हुए अध्यक्ष पद सहित अपने सभी 15 प्रत्याशियों का नामांकन भव्य रैली के साथ दाखिल किया। ढोल-नगाड़ों, नारों से भारी जनसमर्थन के बीच कांग्रेस नेताओं और समर्थकों के साथ तहसील कार्यालय पहुंचा, जिससे पूरे क्षेत्र का चुनावी माहौल पूरी तरह गर्मा गया।
कांग्रेस के प्रदर्शन से साफ संकेत:–
कांग्रेस के इस प्रदर्शन ने साफ संकेत दिया कि पार्टी इस चुनाव को पूरी मजबूती से लड़ने के मूड में है। नामांकन के दौरान उमड़ी भीड़, कार्यकर्ताओं का उत्साह और जनसमर्थन ने कांग्रेस खेमे को नई ऊर्जा दी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह का भाजपा पर तीखा हमला:–
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनता इस बार बदलाव चाहती है और विकास के मुद्दे पर कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि शिवनंदनपुर क्षेत्र में शुरू से कांग्रेस समर्थित जनप्रतिनिधियों का प्रभाव रहा है और इस बार भी कांग्रेस प्रचंड जीत दर्ज करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि कुछ प्रत्याशियों में नाराजगी है तो संगठन जल्द ही सभी को साथ लेकर एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा।
कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा पर विफलता का कसा तंज:
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा के पिछले दो वर्षों के कार्यकाल को विफल बताते हुए आरोप लगाया कि नगर पंचायत क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हुए। सड़क, पेयजल, स्वच्छता, आवास, नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी को प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस ने कहा कि उनके प्रत्याशी लगातार जनता के बीच सक्रिय रहे हैं और क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से उठाते रहे हैं।
पार्टी नेताओं का कहना है कि नगर पंचायत बनने के बाद जनता ने बेहतर सुविधाओं, पारदर्शी प्रशासन और विकास की उम्मीद की थी, लेकिन वर्तमान व्यवस्था इन अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी। कांग्रेस ने भरोसा जताया कि इस बार जनता विकास और बदलाव के पक्ष में मतदान करेगी, जिससे नगर पंचायत में नई विकास केंद्रित कार्यशैली देखने को मिलेगी।
शिवनंदनपुर में अब चुनावी मुकाबला पूरी तरह रोचक हो गया है, जहां भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपनी-अपनी जीत के दावे कर रही हैं। आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार और भी तेज होने की संभावना है, जिससे नगर पंचायत चुनाव क्षेत्र की राजनीति का केंद्र बन गया है।





