शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव: भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, मंत्री-सांसद की मौजूदगी में प्रत्याशियों ने भरा नामांकन

- बिश्रामपुर/शिवनंदनपुर :– नगर पंचायत चुनाव को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी ने विशाल शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपने अधिकृत अध्यक्ष एवं पार्षद प्रत्याशियों का नामांकन तहसील कार्यालय विश्रामपुर में दाखिल किया। नामांकन रैली में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया।
भाजपा की इस नामांकन रैली को संगठनात्मक ताकत और चुनावी तैयारी का बड़ा प्रदर्शन माना जा रहा है। पार्टी के झंडे-बैनर और जयघोष के बीच कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था के बीच निर्वाचन प्रक्रिया के तहत अध्यक्ष एवं पार्षद प्रत्याशियों ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपने नामांकन पत्र, शपथ पत्र, जाति प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा और सांसद, विधायक की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक राजनीतिक महत्व प्रदान किया। वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनता से अपील करते हुए कहा कि विकास कार्यों, मजबूत संगठन और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के आधार पर भाजपा नगर पंचायत चुनाव में ऐतिहासिक विजय दर्ज करेगी।
भाजपा नेताओं ने अध्यक्ष पद प्रत्याशी रितेश जायसवाल की जीत का भरोसा जताते हुए दावा किया कि नगर विकास, मूलभूत सुविधाओं और जनहितकारी योजनाओं को लेकर जनता भाजपा के साथ खड़ी है। नामांकन के दौरान पूरे शिवनंदनपुर और विश्रामपुर क्षेत्र में भाजपा समर्थकों के बीच उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।
नगर पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा के इस शक्ति प्रदर्शन ने राजनीतिक समीकरणों को नई दिशा दे दी है, वहीं विपक्षी दलों के लिए भी चुनौती बढ़ा दी है। अब चुनावी मुकाबला और अधिक रोचक होने की संभावना जताई जा रही है।





