
सूरजपुर/बिश्रामपुर :– सतपता ग्राम में एक 24 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है। मृतक की पहचान शैलेन्द्र सिंह आत्मज अजय सिंह गोंड निवासी कुम्हारपारा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मर्ग कायम किया तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
युवक की अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है और लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं। ग्रामीणों के अनुसार, शैलेन्द्र सिंह सामान्य स्वभाव का युवक था और उसकी आत्महत्या की खबर से हर कोई हैरान है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।





