
अम्बिकापुर :– में कोतवाली पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर मजहर खान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार गांधी चौक के पास एक पान दुकान पर गुटखा थूकने को लेकर मामूली विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी मजहर खान ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक पंकज शुक्ला के साथ गाली-गलौज की और बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में पंकज शुक्ला के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घटना के बाद से मुख्य आरोपी मजहर खान फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। आखिरकार कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर रसूलपुर इलाके से मजहर खान को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में आरोपी के साथ दो नाबालिग भी पुलिस की गिरफ्त में आए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मजहर खान के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बदमाश माना जाता है। पुलिस ने उसके खिलाफ गुंडा बदमाश फाइल खोल दी है तथा जिला बदर की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।



