
अंबिकापुर:– अंबिकापुर जिले में रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। अंबिकापुर के मणिपुर थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे 130 (NH130) पर स्थित भिट्ठीकला में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चार महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। इस हृदयविदारक दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो इतनी बेकाबू थी कि महिलाओं को रौंदने के बाद भी उसकी गति कम नहीं हुई और वह सामने से आ रहे एक ट्रेलर से जा टकराई।
साप्ताहिक बाजार से लौट रही थीं महिलाएं: जोगी बांध की रहने वाली थीं मृतका –
हादसे का शिकार हुई महिलाएं रविवार के साप्ताहिक बाजार से सब्जी खरीदकर अपने घर लौट रही थीं। भिट्ठीकला में लगने वाले इस बाजार के कारण सड़क पर काफी चहल-पहल थी। मृत महिलाओं की पहचान रामबाई (50 वर्ष), मुन्नी बाई (40 वर्ष) और श्यामपति (35 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी महिलाएं जोगी बांध क्षेत्र की निवासी बताई जा रही हैं। वहीं, चौथी महिला आयुषी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई है। खुशी-खुशी बाजार से घर लौट रही इन महिलाओं के लिए सफेद रंग की स्कॉर्पियो काल बनकर आई और पल भर में सब कुछ उजाड़ दिया।
ट्रेलर से टकराकर रुकी बेकाबू स्कॉर्पियो (CG 15 ЕН 8874)
दुर्घटना की विस्तृत जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 15 ईएच 8874 अंबिकापुर से लखनपुर की ओर अत्यधिक तीव्र गति से जा रही थी। ग्राम भिट्ठीकला के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और पैदल चल रही महिलाओं को पीछे से रौंदते हुए आगे बढ़ गया। तीन महिलाओं को कुचलने के बाद भी गाड़ी नहीं रुकी, बल्कि वह चौथी महिला को भी अपनी चपेट में लेते हुए सामने से आ रहे एक ट्रेलर से भिड़ गई। ट्रेलर से हुई इस जोरदार भिड़ंत के बाद ही स्कॉर्पियो रुक सकी, वरना हताहतों की संख्या और भी बढ़ सकती थी।
आक्रोशित भीड़ ने की ड्राइवर की जमकर धुनाई: हाईवे पर लगाया लंबा जाम
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्कॉर्पियो चालक सोनू राजवाड़े ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन उग्र भीड़ ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। गुस्साई भीड़ ने तीनों महिलाओं के शवों को नेशनल हाईवे पर रखकर चक्काजाम कर दिया। इस विरोध प्रदर्शन के कारण हाईवे पर करीब 3 से 4 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीण प्रशासन से मुआवजे और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
पुलिस की कार्रवाई और स्थिति को संभालने की कोशिश –
घटना की सूचना मिलते ही मणिपुर थाने की पुलिस टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ के चंगुल से घायल चालक सोनू राजवाड़े को छुड़ाया और उसे अपनी हिरासत में लेकर तुरंत लखनपुर अस्पताल भेज दिया। उग्र भीड़ को शांत करने के लिए पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी लगातार ग्रामीणों को समझाइश दे रहे हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। देर शाम तक शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने और यातायात बहाल करने के प्रयास जारी रहे। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं





