
सूरजपुर। जानकारी के अनुसार अंबिकापुर के लक्ष्मी बोरवेल परिवार के हेमंत बंसल का पुत्र निहीत बंसल उर्फ नक्श, अपने नाना के घर विश्रामपुर गया हुआ था। निहीत बंसल के नाना सुभाष गोयल कांग्रेस के नेता एवं व्यवसायी हैं। रविवार को सुभाष गोयल का पूरा परिवार सूरजपुर के अग्रसेन वार्ड में स्वीमिंग पुल गया हुआ था। निहीत बंसल भी अपनी मां पारूल एवं नाना के परिवार के साथ स्वीमिंग पुल पहुंचा था। स्वीमिंग पुल में समर कैंप के बच्चों के साथ ही अन्य परिवार के लोग पानी में उतरे थे। सुभाष गोयल के परिवार के सदस्य भी पानी में उतरे।
निहीत बच्चों के पुल में भी गया था। शाम करीब छह बजे उसने गहरे स्वीमिंग पुल में छलांग लगा दी। उसे बड़े पुल में छलांग लगाते किसी ने नहीं देख पाए। स्वीमिंग पुल में पानी अधिक होने के कारण वह डूब गया। जब स्वीमिंग पुल में नहा रहे किसी का पैर उससे टकराया तो बच्चे के पुल में डूबने का पता चला। उसे बाहर निकाल कर तत्काल परिवारजनो ने जिला अस्पताल पहुंचे। जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे से पूरा परिवार सदमे में डूबा हुआ है।





